


– मुनिकीरेती से रात्रि ड्यूटी कर लौट रहे थे चौकी, गहरी खाई में गिरा वाहन
ऋषिकेश (उत्तराखंड)। जनपद टिहरी गढ़वाल के थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस चौकी शिवपुरी के प्रभारी विनोद कुमार शर्मा कि मंगलवार की सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। शिवपुरी से दो किलोमीटर पहले उनका सरकारी वाहन स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने के बाद गंगा में समा गया। विनोद कुमार छिटक बाहर गिर गए। उन्हें एम्स ऋषिकेश ले जाया गया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया है।
शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद कुमार शर्मा सोमवार की रात रात्रि ड्यूटी पर थे। सुबह करीब 6:15 बजे वह ड्यूटी पूरी कर शिवपुरी अपने कक्ष में लौट रहे थे। शिवपुरी से करीब दो किलोमीटर पहले उनका वाहन अनियंत्रित होने के बाद गहरी खाई में गिर गया। वह गाड़ी से छिटक कर बाहर गिर गए और उनकी गाड़ी गंगा में समा गई। माना जा रहा है की पूरी रात ड्यूटी पर जागने के कारण उन्हें झपकी आ गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही विभाग में हड़कंप मच गया। एसडीआरएफ ढालवाला से टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ के निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि उपनिरीक्षक विनोद कुमार को राफ्ट के जरिए फूल चट्टी घाट ले जाया गया। वहां से गाड़ी के जरिए उन्हें एम्स पहुंचाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस वाहन को वह स्वयं चला रहे थे। वाहन में और कोई सवार नहीं था। सूचना पाकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी श्वेता चौबे मौके पर पहुंची।
उनके पार्थिव शरीर को पहले उनके घर घमंडपुर रानीपोखरी ले जाया जाएगा। उसके बाद उनका अंतिम संस्कार पूर्णानंद घाट पर होगा।
विनोद कुमार शर्मा नेक इंसान होने के साथ-साथ अपने व्यवहार के कारण सभी में लोकप्रिय थे। उनके पिता मुलक राज शर्मा अपने समय में सक्रिय पत्रकार रहे हैं। उनके छोटे भाई आशीष शर्मा टिहरी जनपद में ही उप निरीक्षक पद पर तैनात है।
