



चढ़ावा चोरी के खिलाफ कांग्रेस ने किया हनुमान चालीसा का पाठ
ऋषिकेश, उत्तराखंड:
उत्तराखंड के ऋषिकेश में कांग्रेस नेताओं और रामभक्तों ने अयोध्या मंदिर विवाद के विरोध में श्री रघुनाथ मंदिर त्रिवेणी घाट में पहुंचकर हनुमान चालीसा का पाठ किया।
यह आयोजन अयोध्या के श्री राम मंदिर में जमीन घोटाले, चंदा चोरी और दानपात्र से हुई कथित चोरी के विरोध में किया गया। पूर्व कबीना मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण और पीसीसी सदस्य जयेंद्र चंद रमोला ने कहा कि इन घटनाओं से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था आहत हुई है। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि भगवान श्री राम किसी एक दल की संपत्ति नहीं हैं, इसलिए मंदिर प्रबंधन में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए।
केंद्र और राज्य सरकार से मांग की गई कि इन सभी मामलों की निष्पक्ष, स्वतंत्र और समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए। पार्टी नेताओं का कहना है कि भ्रष्टाचार में संलिप्त दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।
जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल और महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक और इसकी जिम्मेदारी पर सवाल उठाए। कांग्रेस ने आशंका जताई कि जांच के नाम पर केवल छोटी मछलियों को फंसाकर बड़े मगरमच्छों को बचाने का प्रयास न किया जाए। महानगर कांग्रेस कमेटी ने पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच कराने की मांग रखी।
इस कार्यक्रम में मदन मोहन शर्मा, चंदन पंवार, बैशाख पयाल, राकेश अग्रवाल, मनोज गुसाई ललित मोहन मिश्र, पुष्पा मिश्रा, सरोजिनी थपलियाल, भगवान सिंह पंवार, देवेंद्र प्रजापति और राजेंद्र कोठारी, हिमांशु कश्यप सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और स्थानीय साधु-संत उपस्थित रहे।
