




ऋषिकेश,उत्तराखंड: उत्तराखंड की राजधानी शाहिद जनपद के अन्य सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने अपना रुख बेहद सख्त कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है।

ताजा मामला रायवाला क्षेत्र का है, जहाँ पुलिस ने पिछले दो दिनों से सार्वजनिक स्थानों, सड़क किनारे और गाड़ियों के भीतर बैठकर शराब पीने और पिलाने वालों के खिलाफ एक सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने 22 लोगों को हिरासत में लिया और उन्हें ‘बारात’ की शक्ल में थाने लेकर पहुँची।

पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई और सख्त हिदायत
थाने लाए गए सभी 22 आरोपियों से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ पुलिस अधिनियम (पुलिस एक्ट) के अंतर्गत चालान की कार्रवाई की। साथ ही सभी को भविष्य में दोबारा ऐसा न करने की सख्त हिदायत देकर छोड़ा गया।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुंठी ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों को मयखाना बनाने और शराब पीकर हुड़दंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सड़कों पर सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दून पुलिस का यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
