




ऋषिकेश, देहरादून:
इस वर्ष 30 जुलाई से शुरू हो रहे भव्य ‘कांवड़ मेला-2026’ को सुरक्षित, सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को ऋषिकेश में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय ब्रीफिंग का आयोजन किया गया, जिसमें देहरादून, पौड़ी और टिहरी जिले में तैनात समस्त पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप , पुलिस उप महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) सहित देहरादून के एसएसपी परमेंद्र डोबाल , पौड़ी एसएसपी सर्वेश पंवार, टिहरी एसएसपी श्वेता चौबे विशेष रूप से मौजूद रहे।
अपर पुलिस महानिदेशक ने कांवड़ मेले को लेकर कांवड़ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करने और उनके साथ संयमित व विनम्र व्यवहार रखने की हिदायत दी गई।
उन्होंने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व-चिह्नित पार्किंग स्थलों पर ही वाहनों को पार्क कराया जाएगा। नीलकंठ मंदिर में भीड़ बढ़ने पर पूर्व-निर्धारित डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा।
अपर पुलिस महानिदेशक ने बताया कि मेला के दौरान भ्रामक सूचनाओं और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
कांवड़ मार्ग पर लगने वाली अस्थाई दुकानों और बाहर से व्यापार करने आए लोगों का गहन पुलिस सत्यापन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि तीनों जनपदों (देहरादून, पौड़ी व टिहरी) की पुलिस को आपसी सामंजस्य के साथ भीड़ और ट्रैफिक मैनेजमेंट संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम (बरसात) के मद्देनजर सभी पुलिसकर्मियों को छाता और रेनकोट साथ रखने तथा किसी भी आपात स्थिति के लिए सतर्क रहने को कहा गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान छोटी-सी घटना पर भी तुरंत संज्ञान लेकर उसका निस्तारण किया जाए।
