– पौड़ी सांसद अनिल बलूनी ने मुनिकीरेती व स्वर्गाश्रम क्षेत्र में बजरंग सेतु सहित अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया
ब्यूरो,ऋषिकेश:
पौड़ी लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने मुनिकीरेती व स्वर्गाश्रम क्षेत्र में भ्रमण कर पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान सांसद बलूनी ने कहा कि पौड़ी संसदीय क्षेत्र में जनता के हितों के अनुरूप कार्य किए जाएंगे। क्षेत्र के विकास में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस दौरान बलूनी ने निर्माणाधीन बजरंग सेतु का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
सांसद अनिल बलूनी ने लक्ष्मण झूला पुल के पास बन रहे बजरंग सेतु के निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं किया जाए। साथ ही पुल का निर्माण शीघ्र पूरा किया जाए। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों सांसद बलूनी से विभागीय अधिकारियों की कार्यशैली की शिकायत भी की। इस पर बलूनी ने उच्चाधिकारियों से लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। वहीं, इसके बाद डीएम कैंप कार्यालय पौड़ी में सांसद अनिल बलूनी ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को समाधान करने के निर्देश दिए।
——————-
बलूनी ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद
मुनिकीरेती क्षेत्र में आयोजित संवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पौड़ी सांसद अनिल बलूनी ने कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बलूनी को क्षेत्र की कई समस्याओं से अवगत कराया। बलूनी ने कहा कि वह जनता की सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक व वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि जन प्रतिनिधि सदैव जनता के प्रति समर्पित रहता है। सांसद बलूनी ने राज्य सभा सदस्य रहते हुए भी प्रदेश में रेल सेवा सहित अन्य विकास कार्यों में मह्तवपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि बलूनी के सहयोग से क्षेत्र के विकास को और गति मिलेगी। बैठक में मंडल अध्यक्ष प्रेम सेमवाल, मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष विनोद कुकरेती, नलिन भट्ट, लीला देवी, रोशनी देवी व कई अन्य उपस्थित रहे।