



– तीस साल पहले हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट भवन का लोकार्पण किया था डा. मनमोहन सिंह ने
ब्यूरो,ऋषिकेश:
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डा. विजय धस्माना ने दुख जताया। उन्होंने कहा देश की आर्थिकी को गति देने में उनका अहम योगदान रहा। वर्ष 2018 में एचआईएचटी संस्थापक गुरुदेव डा. स्वामी राम के महासमाधि दिवस के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की थी।
अध्यक्ष डा. विजय धस्माना ने दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से जुड़े संस्मरणों को साझा किया। जॉलीग्रांट में कैंपस निर्माण के दौरान उनका सहयोग मिलता रहा।
उन्होंने बताया कि दो बार जौलीग्रांट कैंपस में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह आए थे। गुरुदेव डा. स्वामी राम के निमंत्रण पर वर्ष 1994 में भारत सरकार में तत्कालीन वित्त मंत्री रहते हुए बतौर मुख्य अतिथि जौलीग्रांट में हिमालयन अस्पताल के भवन का लोकार्पण किया। इसके बाद भी वह लगातार संस्थान के विकास कार्यों में सहयोग देते रहे।
वर्ष 2018 में वह डा. स्वामी राम के महासमाधि दिवस के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि आये थे। यहां पर उन्होंने गुरुदेव के चित्र के समक्ष श्रद्धांजलि अर्पित की थी। भारत की प्रगति में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
———————-
श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने जताया शोक
श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष सरदार नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने कहा कि हम पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं। उनका निधन देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया, खासकर आर्थिक सुधारों के क्षेत्र में।
उनकी आर्थिक नीतियों ने देश को विश्व में एक शक्तिशाली अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने देश की आर्थिक विकास दर को बढ़ाने, गरीबी कम करने, और शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
एक सिख धर्म के अनुयायी के रूप में, उन्होंने अपने समुदाय के लिए भी बहुत कुछ किया। उन्होंने सिख धर्म के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात किया और देश के लिए अपनी सेवाएं दीं। उनकी विरासत हमेशा याद रखी जाएगी।
हम उनके परिवार, मित्रों और प्रियजनों के प्रति हृदय से संवेदना व्यक्त करते हैं। वाहेगुरु उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। उनके निधन से देश ने एक महान नेता और एक सच्चे देशभक्त को खो दिया है। हम उनकी याद में श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।


