



– अपने दो साथियों के साथ डोईवाला क्षेत्र में की थी नकबजनी की अलग-अलग वारदात
ब्यूरो,ऋषिकेश:
जनपद देहरादून की डोईवाला पुलिस ने क्षेत्र में नकबजनी की कई वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतर्राज्यीय नकबजन को गिरफ्तार किया है। इस पर 15 हजार का इनाम घोषित किया था। यह व्यक्ति डेढ़ वर्षो से फरार चल रहा था। पुलिस ने इसे दिल्ली से गिरफ्तार किया है। इस पर एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि डोईवाला कोतवाली क्षेत्र में नकबजनी की कई वारदातों में शामिल एक बदमाश को पुलिस और एसओजी की टीम ने गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार गुसांई और एसओजी प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि शातिर बदमाश शाहनवाज पुत्र मोहम्मद शफी निवासी ग्राम चलोगे,थाना बनी, जिला कठुवा जम्मू कश्मीर की गिरफ्तारी काशी परतापुर दिल्ली से की गई है। इस व्यक्ति ने डेढ़ वर्ष पूर्व डोईवाला क्षेत्र में अपने दो अन्य साथियों के साथ नकब्जाने की दो वारदातों को अंजाम दिया था। यह तब से फरार चल रहा था। इसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार नकद पुरस्कार घोषित किया गया था।
उन्होंने बताया कि इस व्यक्ति के खिलाफ गढ़वाल मंडल के कई थानों और हिमाचल प्रदेश में एक दर्जन मामले दर्ज हैं। बीते वर्ष 15 मार्च को उसने तेजिंदर सिंह निवासी जीवन वाला डोईवाला के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। 15 मार्च को ही उसने मीना गुसांई निवासी सपेरा बस्ती लुनावाला भनिया वाला के घर पर भी चोरी की वारदात की थी। दोनों ही परिवार के लोग अलग-अलग स्थान पर रिश्तेदार के यहां शादी में गए थे।

