




– भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डा. देवेंद्र भसीन ने किया प्रदेश में भाजपा की जीत का दावा
ब्यूरो,ऋषिकेश:
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डा. देवेंद्र भसीन ने दावा किया कि पूरे प्रदेश में निकाय चुनाव को लेकर भाजपा अच्छी जीत दर्ज करने जा रही है। निकाय चुनाव में संगठन विकास का रोड मैप तैयार कर चुनाव मैदान में है।
भाजपा के जिला कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डा. देवेंद्र भसीन ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार काम कर रही है। निकायों में भाजपा की जीत के बाद ट्रिपल इंजन सरकार विकास को और अधिक गति देगी। योग नगरी ऋषिकेश को विश्व मानचित्र पर और बेहतर तरीके से स्थापित किया जाएगा।
डा. देवेंद्र भसीन ने कहा कि देवभूमि की संस्कृति की रक्षा के लिए भाजपा संकल्पित है, इसकी गरिमा को खंडित करने वालों को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रत्याशी शंभू पासवान कल को किस पार्टी में थे यह अलग बात है, वर्तमान में वह भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि उनका मेयर पद प्रत्याशी के लिए जो चयन हुआ है इसमें कोई व्यक्ति शामिल नहीं है। बल्कि प्रत्याशी चयन की निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने के बाद ही उन्हें प्रत्याशी घोषित किया गया है। पिछले नगर निगम बोर्ड में भाजपा का मेयर और विधानसभा में भाजपा का विधायक होने के बावजूद विकास प्रभावित होने संबंधी आरोप को खारिज करते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि पिछले बोर्ड में भी बहुत काम हुए हैं। भाजपा के संकल्प पत्र में इन सब का जिक्र किया गया है। पार्किंग और कूड़ा निस्तारण की समस्या भाजपा की प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आने वाले पांच वर्ष के विकास कार्य संबंधी रोड मैप को अपने संकल्प पत्र में शामिल किया है। इस मौके पर पार्टी की जिला प्रवक्ता नीलम चमोली काला, अरविंद गुप्ता आदि मौजूद रहे।

