




– 35 से 45 वर्ष आयु सीमा मंडल अध्यक्ष के लिए निर्धारित, शीघ्र होगी घोषणा: महेंद्र प्रसाद भट्ट
ऋषिकेश (हरीश तिवारी):
भाजपा संगठन के लिए ऋषिकेश सिटी हमेशा से ही हॉट रही है। नगर निगम में पिछले दो बार से मेयर पद प्रत्याशी की घोषणा हो या फिर ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष की घोषणा संगठन की ओर से कार्यकर्ताओं को हमेशा ही इंतजार कराया जाता रहा है, इस बार भी ऐसा ही हो रहा है। बीते रविवार को प्रदेश संगठन की ओर से लगभग सभी मंडल अध्यक्षों की घोषणा कर दी गई थी। लेकिन ऋषिकेश मंडल की घोषणा अब तक नहीं हो पाई है। हालांकि सोमवार के रोज प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट ने मीडिया को जानकारी दी की अति शीघ्र शेष मंडल अध्यक्षों की घोषणा भी कर दी जाएगी।
भाजपा ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष के लिए यहां सक्रिय नेताओं की राजनीति किसी से छिपी नहीं है। इस क्षेत्र से विधायक और कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल अब तक अपने चहेते को ही मंडल अध्यक्ष बनवाते आए हैं। लेकिन इस बार कुछ ज्यादा ही विलंब हो रहा है। पार्टी सूत्रों की माने तो मंडल अध्यक्ष पद के लिए तीन लोगों के नाम पर पेंच फंसा हुआ है। इनमें व्यापारी नेता पवन शर्मा, युवा मोर्चा के अध्यक्ष रहे नितिन सक्सेना और परिवहन कंपनियों के नेता मनोज ध्यानी के बीच रस्सा-कस्सी चल रही है। मंत्री कैंप से नितिन सक्सेना का नाम आगे किया गया था, लेकिन अब इस दौड़ में इसी कैंप से मनोज ध्यानी का नाम भी चल गया है। जबकि दूसरे कैंप से पवन शर्मा का नाम दावेदार के रूप में लिया जा रहा है।
भाजपा संगठन की ओर से मंडल अध्यक्ष पद के लिए 35 से 45 वर्ष के बीच आयु सीमा निर्धारित की गई है। तीनों दावेदारों में एक दावेदार आयु सीमा पार कर चुका है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य महेंद्र प्रसाद भट्ट ने देहरादून में सोमवार के रोज मीडिया के साथ बातचीत में स्पष्ट किया कि मंडल अध्यक्ष के लिए 35 से 45 वर्ष आयु सीमा निर्धारित की गई है। संगठन के भीतर बहुत अच्छा माहौल है। शीघ्र ही शेष मंडल अध्यक्ष की घोषणा भी कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इसी प्रक्रिया के तहत शीघ्र ही जिलाध्यक्षों के नाम के भी घोषणा संगठन की ओर से की जा रही है।

