




– उत्तराखंड वन विभाग 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक मनाएगा सेवा पर्व
ऋषिकेश,(हरीश तिवारी);
उत्तराखंड वन विभाग 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पर्व मनाएगा। सेवा पर्व का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और वन संरक्षक प्रमुख डॉ समीर सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर सेवा पर्व स्वच्छता रैली का शुभारंभ भी अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर किया है। वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि उत्तराखंड में लगातार आ रही आपदा इस बात का इशारा है कि पर्यावरण के साथ बहुत ही अधिक छेड़छाड़ हो रही है। राज्य के प्रत्येक नागरिक से हमारी अपील है कि वह प्रकृति के साथ सदव्यवहार और न्याय करें।
ऋषिकेश के निकट मुनिकीरेती स्थित गढ़वाल मंडल विकास निगम के गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि इस वर्ष बारिश के रूप में जो आपदा उत्तराखंड झेल रहा है, वह प्रकृति का एक इशारा है, कि उसके साथ बेहद ज्यादा छेड़छाड़ हो रही है। यदि प्रकृति से छेड़छाड़ कम नहीं हुई तो इसका खामियाजा और ज्यादा भुगतना पड़ेगा।

कैबिनेट मंत्री ने राज्य के प्रत्येक नागरिक से अपील की है कि वह प्रकृति को सम्मान दे और प्रकृति के अनुरूप अपनी जिम्मेदारी को निभाएं। मंत्री ने कहा कि अभी वह गुजराड़ा गांव का निरीक्षण करके आए हैं। गांव की स्थिति बहुत खराब है। बारिश से गांव पर हमेशा खतरा मंडरा रहा है। जरूरत पड़ी तो गांव को विस्थापित करने के प्रयास किए जाएंगे। वन संरक्षक प्रमुख डॉ समीर सिन्हा ने कहा कि प्रकृति को मां का दर्जा दिया गया है और मां कभी अपने बच्चों से नाराज नहीं होती लेकिन बच्चे यदि परेशान करें तो गुस्सा जरूर दिखती है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों का स्वागत गर्म जोशी के साथ हुआ। विभाग की ओर से अतिथियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान अतिथियों ने पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वन संरक्षक भागीरथी वृत डीएस मीणा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमुख वन संरक्षक हाफ डॉ समीर सिन्हा और संचालन वन दरोगा अंजलि डबराल ने किया।
इस मौके पर पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण,मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल डॉ धीरज पांडेय,डीएफओ नरेंद्र नगर दिगांत नायक, एसडीओ शिवपुरी अनिल पैन्यूली, एसडीओ नरेंद्र नगर किशोर नौटियाल,रेंज अधिकारी नरेंद्र नगर विवेक जोशी आदि अधिकारी मौजूद रहे।

