




✍🏻 एसआरएचयू जॉलीग्रांट में विश्वकर्मा पूजा का आयोजन
✍🏻 ओंकारानंद स्कूल में कर्मचारी हुए सम्मानित
✍🏻 विश्वकर्मा पूजा समिति चेरिटेबल ट्रस्ट ने किया कार्यक्रम
ऋषिकेश, उत्तराखंड:
स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू) जॉलीग्रांट में भगवान विश्वकर्मा की पूजा की गयी। इस दौरान पूजन समारोह में इंजीनियरिंग व मोटर ट्रांसपोर्ट विभाग के सभी स्टाफ कर्मियों ने प्रतिभाग किया।
बुधवार को सेंट्रल पार्क में आयोजित पूजा में स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर यज्ञ में सम्मिलित होने के साथ संस्थापक डॉ. स्वामी राम का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन के देवता हैं। उन्होंने निर्माण एवं सृजन के क्षेत्र से जुड़े सभी कामगारों को शुभकामनाएं देने के साथ संस्थान के सभी कर्मचारियों से श्रम शक्ति के बल पर संस्थान, राज्य व राष्ट्र के विकास में अपना अमूल्य योगदान देने की अपील की। इस अवसर पर इंजीनियरिंग व मोटर ट्रांसपोर्ट विभाग में सभी वाहन, औजारों, मशीनों व अन्य उपकरणों को साफ कर तिलक लगाया गया। पूजन के प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर कुलपति डॉ. राजेन्द्र डोभाल, प्रति कुलपति डॉ. अशोक कुमार देवरारी, कुलसचिव कमांडर (सेनि.) चल्ला वेंकटेश्वर , डीजीएम आरपीएस रावत, गिरीश उनियाल, रुपेश महरोत्रा, अमरेंद्र कुमार आदि उपस्थित थे।
———————–
ओंकारानंद स्कूल में कर्मचारी हुए सम्मानित
इनरव्हील क्लब ऋषिकेश ने ओंकारानंद स्कूल में ‘विश्वकर्मा दिवस’ बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य धीरेन्द्र जोशी एवं क्लब की अध्यक्ष नलिनी शर्मा एवं उनकी टीम ने भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा का विधिवत पूजन कर माल्यार्पण किया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल में कार्यरत कर्मचारियों जैसे बस ड्राइवर, कंडक्टर सभी मौसी एवं अन्य सहयोगी स्टाफ को लड्डू प्रसाद में वितरित किए गए एवं सभी ड्राइवरों को उपहार वितरित किए गए ये वह व्यक्ति है जिनके हाथों में सभी विद्यार्थियों की सुरक्षा होती है जो बस में जाते हैं इस कार्यक्रम ने सभी कर्मचारियों के चेहरों पर खुशी ला दी और उन्हें उनके परिश्रम के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर क्लब की अध्यक्षा ने कहा, “ईमानदारी और रचनात्मकता ही सच्चे अर्थों में भगवान विश्वकर्मा की पूजा हैं। जब कौशल में आस्था जुड़ जाती है, तो भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद स्वतः ही प्राप्त होता है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि हमारे हाथों के औज़ार केवल उपकरण नहीं, बल्कि हमारे समर्पण और सृजनात्मकता के प्रतीक हैं — और यही सृजनात्मकता वास्तव में दिव्य होती है।”
उन्होंने आगे कहा कि भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद सभी कामगारों को सफलता और समर्पण की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में स्कूल प्रधानाचार्य धीरेंद्र जोशी सुपरवाइज़र रमेश सकलानी एवं सभी स्टाफ़ उपस्थित थे, क्लब से प्रीति पोखरियाल ,सलोनी गोयल, रेखा गर्ग ,डाली मिश्रा एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
———————–
विश्वकर्मा पूजा समिति चेरिटेबल ट्रस्ट ने किया कार्यक्रम
विश्वकर्मा पूजा समिति चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से 39 वां विश्वकर्मा पूजा दिवस पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। पूजन कार्य में क्षेत्रीय विधायक व पूर्व मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने शिरकत की।
अग्रवाल ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को दुनिया का पहला इंजीनियर एवं वास्तुकार माना जाता है। विश्वकर्मा ने सृष्टि की रचना में भगवान ब्रह्मा की सहायता की थी। कहा कि ऐसी मान्यता है कि विश्वकर्मा जी ने ही देवताओं के घर, नगर, अस्त्र-शस्त्र आदि का निर्माण किया था। साथ ही हस्तिनापुर, द्वारिका, इंद्रपुरी, पुष्पक विमान एवं इन्द्रप्रस्थ जैसे कई नगरों, भवनों एवं वस्तुओं का निर्माण किया है। कह कि यही कारण से इस दिन उद्योगों एवं फैक्ट्रियों में भगवान विश्वकर्मा की पूजा की जाती है।
अग्रवाल ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा एक प्रसिद्ध ज्ञानी ऋषि और शिल्पकार थे। आज वो हमारे साथ नहीं लेकिन वो हर एक व्यक्ति के जीवन में कला के रूप में दिखाई देते है। कहा कि वेदों और पुराणों में इनका श्रद्धा सहित उल्लेख मिलता है। आज संसार जगत निर्माता भगवान विश्वकर्मा नहीं होते तो शिल्पकला और वास्तुकला का कोई नाम ही नहीं होता। कहा कि वास्तुकला से ही किसी भी वस्तु की पहचान होती। इन वास्तु निर्माता कलाकारों का श्रेय भी भगवान विश्वकर्मा को ही जाता है।
इस मौके पर मेयर शम्भू पासवान, मण्डल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, सोनू पांडेय, दीपक बिष्ट, विनायक कुमार, रुचि जैन, सुमित तिवाड़ी, संजीव पाल, बृजमोहन मनोडी आदि उपस्थित रहे।
——————————–
आपदा में मृत लोगों की आत्म शांति की कामना की
अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं के साथ त्रिवेणी घाट गंगा तट पर पहाड़ी व मैदानी क्षेत्र में आपदा की चपेट में आकर मृत हुए लोगों की आत्मशांति की कामना की गई। इस दौरान गंगा में दीपदान किया गया।
—————————–
पीएम के जन्मदिन पर किया दुग्धाभिषेक
अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिन पर कार्यकर्ताओं के साथ माँ गंगा में दुग्धाभिषेक किया। माँ गंगा से पीएम के शतायु होने की कामना की।

