



– ऋषिकेश पुलिस ने विधायक आवास के 100 मीटर क्षेत्र में की किलेबंदी
ब्यूरो,ऋषिकेश
जनपद पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर प्रखंड क्षेत्र में गांव में पानी की लाइन जोड़ने गए बुजुर्ग की बीते शुक्रवार को खाई में गिरने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार समस्या के बारे में विधायक और अधिकारियों को बताया गया। समस्या का समाधान नहीं किया गया। सोशल मीडिया पर भी काफी लोगों ने इस मामले में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की निंदा की। स्थानीय लोग यहीं पर नहीं रुके, शनिवार को ऋषिकेश के शैल बिहार स्थित विधायक के आवास को घेरने के लिए लोग पहुंचे। पुलिस पहले से अलर्ट मोड पर थी, विधायक के घर से 100 मीटर तक पुलिस ने बेरीकैटिंग लगाकर कड़ा पहरा लगा दिया। लोगों ने विधायक के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। विधायक घर पर नहीं थी, लोग वापस लौट आए। इस दौरान नागरिक मृतक आश्रित को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।
मामला यमकेश्वर ब्लाक के दूरस्थ झैड़ गांव का है। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता विकास चंद्र रयाल ने बताया कि नौडखाल झैड़ मोटरमार्ग के निर्माण के चलते झैड़ गांव की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त है। ग्रामीण किसी तरह से व्यवस्था कर गांव में पानी पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। गर्मी बढ़ने पर पानी का संकट गहरा जाता है। ग्रामीणों के अनुसार झैड़ गांव में पानी बंद होने पर 65 साल के गिंदन लाल मैंठानी शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे टूटी लाइन को दुरुस्त करने के लिए मौके पर गए। जिस जगह पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हुई थी वह निचला क्षेत्र है। ऊपर पहाड़ी पत्थर गिरने लगे, इस दौरान बुजुर्ग संतुलन खो बैठे। वह करीब सौ मीटर और नीचे खाई में गिर गए। कई देर तक वह वापस नहीं लौटे तो ग्रामीण भी तलाश करने लगे। झैड़ और आसपास गांव के लोग मौके पर पहुंचे। देर शाम उनका शव खाई से निकाला गया। एसडीएम यमकेश्वर अनिल चन्याल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद टीम को मौके पर भेजा गया था।
बुजुर्ग की मौत से लोगों में गुस्सा देखा गया। शनिवार को स्थानीय नागरिक व सामाजिक कार्यकर्ता विकास चंद्र रयाल के नेतृत्व में काफी लोग विधायक के आवास का घेराव करने निकले। कोतवाली पुलिस ने 100 मीटर पहले ही बैरिकेट्स लगाकर लोगों को रोक दिया। आंदोलनकारी संजय सिलस्वाल ने बताया कि विधायक से बात करने के लिए कुछ लोग उनके घर भेजे गए मगर वह घर पर नहीं थी। प्रदर्शन के बाद लोग वापस लौट आए। प्रदर्शन में पार्षद सुरेंद्र सिंह नेगी, कुसुम जोशी, राजेश कपसुडी़ आदि शामिल रहे।


