



– परमार्थ निकेतन मां गंगा का पूजन-अर्चन कर दिवंगत आत्मीय जन और विश्व शान्ति हेतु की प्रार्थना
ब्यूरो,ऋषिकेश
भारतीय सिनेमा जगत के दो प्रमुख नाम प्रसिद्ध अभिनेता अनिल कपूर और फिल्म निर्माता एवं निर्देशक बोनी कपूर मां गंगा के पावन तट पर स्थित परमार्थ निकेतन में प्रवास के लिए पहुंचे। उन्होंने स्वामी चिदानन्द सरस्वती एवं साध्वी भगवती सरस्वती के सान्निध्य में विश्व शांति यज्ञ में सहभाग कर विश्व शान्ति हेतु आहुतियां समर्पित कीं। इस यात्रा में उनकी पूज्य माताजी निर्मल कपूर जी के लिये विशेष प्रार्थना की।

इस अवसर पर उन्होंने परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि हमारी नदियां, हमारे वृक्ष और हमारी संस्कृति ये केवल प्रकृति के घटक नहीं, बल्कि हमारे जीवन और आध्यात्मिक चेतना के आधार हैं।
जिस प्रकार शरीर में प्राण, मन और आत्मा एक-दूसरे से जुड़े होते हैं, वैसे ही प्रकृति, पर्यावरण और संस्कृति का संबंध भी अभिन्न है। वृक्षों के बिना वर्षा नहीं, वर्षा के बिना नदियाँ नहीं और नदियों के बिना जीवन नहीं। और जीवन के बिना संस्कृति कैसे बचेगी। इसलिए हमें वृक्षारोपण, नदी संरक्षण और सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन को एक साथ लेकर चलना होगा। यही सच्चा पर्यावरण संरक्षण है।

अभिनेता अनिल कपूर ने परमार्थ निकेतन के संपूर्ण अनुभव को आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्मिक शांति से भरपूर बताते हुए कहा कि परमार्थ निकेतन का यह दिव्य स्थल केवल एक आश्रम नहीं, अपितु एक आध्यात्मिक धाम है जहां आत्मा को विश्राम मिलता है और जीवन की आपाधापी में खोया हुआ सच्चा आनंद पुनः प्राप्त होता है। बोनी कपूर ने कहा कि परमार्थ निकेतन की पवित्रता, गंगा तट की दिव्यता और स्वामी जी का मार्गदर्शन,इन सबसे हमें वह शक्ति और प्रेरणा मिली है जो हमारे जीवन को नई दिशा देने में सहायक होगी। दोनों ने यहां गंगा पूजन, ऋषि कुमारों को भोजन कराने के साथ रुद्राक्ष के पौधे का रोपण भी किया।


