



– क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रत्येक नागरिक से की जन्मदिन पर पौधारोपण की अपील
ऋषिकेश: क्षेत्रीय विधायक व पूर्व मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं के साथ पौधरोपण कर बेटे पीयूष अग्रवाल का जन्मदिन मनाया। साथ ही प्रत्येक नागरिक से जन्मदिन पर पौधरोपण करने का आवाहन किया गया।
गुरुवार को प्रगति विहार स्थित वन विभाग के परिसर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। डॉ अग्रवाल ने कहा कि शास्त्रों में लिखा गया है कि एक पेड़ लगाने से एक यज्ञ के बराबर पुण्य मिलता है। कहा कि पीपल का पेड़ लगाने से व्यक्ति को सैंकड़ों यज्ञों के बराबर पुण्य की प्राप्ति होती है। केवल इतना ही नहीं भारतीय संस्कृति में एक पेड़ लगाना, सौ गायों का दान देने के समान माना गया है। कहा कि प्रत्येक नागरिक को शुभ कार्यों में पौधरोपण करना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को भी अपनी संस्कृति के प्रति रुझान कराने का आवाहन किया।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि पौधारोपण हमारे जीवन का एक अभिन्न अंग है, हमें अपने जीवन में जितना हो सके उतना अधिक से अधिक पौधारोपण करना चाहिये। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों की कमी से निरंतर पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है। पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण बहुत जरूरी है। हम सभी का फर्ज बनता है कि पृथ्वी की खूबसूरती को बनाए रखने में अपना योगदान दें। उन्होंने युवाओं को अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
इस अवसर पर पीयूष अग्रवाल ने कहा कि यदि प्रकृति को ईश्वर का दूसरा रूप कहा जाए तो कदापि गलत नहीं होगा। पेड़ों पर प्रकृति निर्भर करती है। पेड़ लगाना प्रकृति का संरक्षण व संवर्धन है और प्रकृति का संरक्षण व संवर्धन ईश्वर की श्रेष्ठ आराधना है। एक पेड़ लगाने से असंख्य जीव-जन्तुओं के जीवन का उद्धार होता है और उसका अपार पुण्य सहजता से हासिल होता है। एक तरह से पेड़ लगाने से अपार पुण्य की प्राप्ति होती है।
इस मौके पर मंत्री डॉ अग्रवाल के सुपुत्र के जन्मदिन पर आम, पीपल, तुलसी, लीची, बेलपत्र, नींबू सहित फलदार व छायादार पौधे रोपे गए। साथ ही प्रत्येक व्यक्ति से अपने जन्मदिन पर पौधरोपण करने का आवाहन किया।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, सुरेंद्र कुमार, राजेश कुमार, शिव कुमार गौतम, संजीव पाल, अखिलेश मित्तल, रेंजर जीएस धमान्दा , वन दरोगा कमल कुमार, पवन शर्मा, अरुण बड़ौनी, राम सिंह पंवार, महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि जैन, हिमानी कौशिक, पूर्णिमा तायल, राजू नरसिम्हा, राजेंद्र बिजलवान, गुड्डी क्लूडा, निवेदिता सरकार आदि सैकड़ो की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
———————–
दैनिक उपभोग की वस्तुएं की वितरित
ऋषिकेश। पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने सुपुत्र पीयूष अग्रवाल के जन्मदिन के अवसर पर भजनगढ़ रोड कैलाश गेट स्थित कुष्ठ रोग आश्रम में कुष्ठ रोगों को दैनिक उपभोग की वस्तुयें वितरित की।
———————–
गंगा आरती कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की
ऋषिकेश । अपने सुपुत्र के जन्मदिन के अवसर पर डॉ अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं के साथ त्रिवेणी घाट स्थित संध्याकालीन गंगा आरती में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर प्रदेशवासियों की उन्नति, खुशहाली की कामना भी की।


