



ऋषिकेश,हरीश तिवारी:
क्षेत्रीय विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने हरेला पर्व की शुभकामना दी है। इस अवसर पर डॉ अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं के साथ पौधरोपण भी किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।
पौधरोपण कर डॉ अग्रवाल ने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रदर्शित करने के साथ लोक संस्कृति एवं पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देता है। हरेला पर्व को सुख, समृद्धि एवं सौहार्द का प्रतीक बताते हुये डॉ अग्रवाल ने कहा कि यह पर्व हमें अपनी परम्पराओं से जुड़े रहने का भी संदेश देता है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि हरेला पर्व हमें अपनी धरती और पर्यावरण की देखभाल के प्रति भी प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध और स्वस्थ वातावरण देने के लिए पौध रोपण और पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपने धर्म, अध्यात्म और संस्कृति के लिए विख्यात है। यहां का प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता हर किसी को आकर्षित करती है। इसलिए, पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि इस वर्ष हरेला पर्व पर पूरे प्रदेश में एक ही दिन में 05 लाख से अधिक पौधे रोपे जाएंगे। जिसमें से गढ़वाल मंडल में 03 लाख और कुमाऊं मंडल में 02 लाख पौधे रोपण का लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर पर ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, महामंत्री दीपक बिष्ट, नितिन सक्सेना, सुधा असवाल, निवेदिता सरकार, अभिषेक, राधे जाटव, नंद किशोर जाटव, बृज मोहन मनोड़ी, सौरभ गर्ग, विवेक शर्मा आदि उपस्थित रहे।


