
– आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर लापता फौजी की भूमि के फर्जी दस्तावेज किये थे तैयार
– फर्जी दस्तावेजो के आधार पर लापता फौजी की भूमि को अपने ही साथी के कराया नाम
ऋषिकेश (उत्तराखंड):
जनपद देहरादून के थाना रानीपोखरी क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो फर्जी तरीके से फौजी बनकर भूमि की धोखाधड़ी कर रहा था। इस व्यक्ति में अपने एक साथी के साथ मिलकर एक लापता फौजी की भूमि के दस्तावेज तैयार कर लिए थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि राजेन्द्र सिंह पुत्र प्रताप सिंह, ग्राम मादसी, गडूल, ऋषिकेश देहरादून द्वारा थाना रानीपोखरी पर लिखित तहरीर दी गई कि उनका चचेरा भाई हुकूम सिंह पुत्र गुन्दर सिंह, निवासी उपरोक्त फौज में कार्यरत था, जो वर्ष 1971-72 के युद्व के बाद लापता है। स्व. गुन्दर सिंह द्वारा अपने जीवन काल में अपनी 20.5 बीघा भूमि को अपने पुत्र हुकूम सिंह के नाम पर किया गया था, तब से वादी व उसके परिजनों द्वारा उक्त भूमि की देखभाल की जा रही थी। 17-12-2024 को वादी द्वारा उक्त भूमि की फर्द को तहसील ऋषिकेश से निकाला गया तो ज्ञात हुआ कि भूपेन्द्र सिंह पुत्र ओमप्रकाश, निवासी ग्राम धौलास, पोस्ट घघोंडा कैन्ट द्वारा वर्ष 2007 में उक्त भूमि को क्रय किया गया था। वादी द्वारा उक्त भूमि के दस्तावेज चैक करने पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जाली दस्तावेज तैयार कर फर्जी हुकूम सिंह बनकर उक्त भूमि को भूपेन्द्र सिंह को विक्रय करना पाया गया।
वादी द्वारा दिये गये प्रार्थना पत्र पर थाना रानीपोखरी पर मुकदमा पंजीकृत किया गया।
पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना के दौरान प्रकाश में आया कि भूपेन्द्र सिंह द्वारा वर्ष 2007 में अपने ही गांव के साथियों तिलक सिंह तथा सुरेश सिंह के साथ मिलकर उक्त भूमि के लापाता फौजी हुकूम सिंह के नाम पर जाली दस्तावेज तैयार करते हुए बलवंत सिंह नाम के व्यक्ति को फर्जी फौजी हुकूम सिंह बनाकर विक्रय पत्र अपने नाम पर सम्पादित कराया गया। उक्त अभियोग में प्रकाश में आये साक्ष्यों के आधार पर पुलिस द्वारा अभियुक्त बलवंत सिंह(फर्जी फौजी) पुत्र स्व. इन्द्र सिंह, निवासी ग्राम धौलास, थाना प्रेमनगर जनपद देहरादून को गिरफ्तार किया गया। उक्त अभियोग में नामजद व प्रकाश में आये अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है।