




– शिवाजी नगर क्षेत्र में प्रशासन ने भू-माफिया से मुक्त कराई थी भूमि
ऋषिकेश,उत्तराखंड:
ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत शिवाजी नगर में एम्स के पीछे बच्चों को जल्दी ही खेलने का पार्क मिलेगा। पार्क में बच्चों के लिए मनभावन झूले भी लगेंगे। नगर निगम ने करीब एक बीघा वन भूमि पर बाउंड्री वॉल कर पार्क का अस्थाई निर्माण करना शुरू कर दिया है।
बता दे कि वार्ड नंबर 28 गली नंबर 29 शिवाजी नगर एम्स के पीछे रंभा नदी किनारे करीब एक बीघा वन भूमि पर कब्जा करने के लिए लंबे समय से भू-माफिया अपनी गिद्ध दृष्टि बनाए हुए है। भूमाफियाओं ने कुछ दिन पहले बाउंड्री वॉल कर भूमि पर कब्जा करने की कोशिश भी की। लेकिन सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने बाउंड्री वॉल को तोड़कर वन भूमि को कब्जा मुक्त किया। दोबारा भूमि पर कब्जा ना हो इसके लिए वन विभाग और नगर निगम ने आपस में तालमेल से भूमि पर बच्चों के खेलने के लिए अस्थाई रूप से पार्क विकसित करने का निर्णय लिया। इसी कड़ी में नगर निगम ने नारियल तोड़कर पार्क निर्माण का कार्य शुरू किया है। नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने बताया कि वन भूमि नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत है और इस भूमि पर कब्जा ना हो इसके लिए पार्क का निर्माण किया जा रहा है। विभाग ने पार्क निर्माण के लिए एनओसी भी नगर निगम को दे दी है। पार्क में जहां बच्चों को खेलने का मौका मिलेगा। वहीं सार्वजनिक कार्यक्रम भी हो सकेंगे। मौके पर पार्षद लव कंबोज, सुरेंद्र नेगी, अभिनव मलिक और सत्येंद्र भंडारी ने पार्क निर्माण होने पर हर्ष व्यक्त किया है।

