


ऋषिकेश,उत्तराखंड:
ऋषिकेश बदरीनाथ हाईवे पर मंगलवार की सुबह एक कार 200 मीटर खाई में गिरने के बाद गंगा नदी में समा गई। इस गाड़ी में चालक सहित आठ लोग सवार थे। आपदा प्रबंधन टीम के द्वारा नदी से अब तक तीन व्यक्तियों के शव बरामद किए गए हैं। खाई से एक घायल को निकाल कर श्रीनगर चिकित्सालय भेजा गया। बाकी लोग अभी तक लापता है। गाड़ी में सवार सभी लोग राजस्थान के रहने वाले हैं।
एसडीआरएफ मुख्यालय को आज प्रातः थाना देवप्रयाग से सूचना प्राप्त हुई कि देवप्रयाग क्षेत्र में एक इनोवा वाहन अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया है। सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी से उप निरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तत्काल आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों सहित घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए एसडीआरएफ उत्तराखण्ड के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देशानुसार एसडीआरएफ श्रीनगर एवं ढालवाला स्थित फ्लड रेस्क्यू टीमों को भी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। वर्तमान में एसडीआरएफ ब्यासी, श्रीनगर एवं ढालवाला की टीमें स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से घटनास्थल पर सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान संचालित कर रही हैं।
एसडीआरएफ एवं स्थानीय पुलिस द्वारा एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को सुरक्षित निकालकर उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया है।
घटनास्थल पर सर्चिंग के दौरान दो व्यक्तियों के शव बरामद किए गए हैं। अन्य संभावित लापता व्यक्तियों की तलाश हेतु एसडीआरएफ एवं पुलिस द्वारा नदी तट एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
रेस्क्यू एवं सर्च अभियान निरंतर जारी है। घटना से संबंधित अन्य तथ्यों एवं वाहन में सवार व्यक्तियों की संख्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की जा रही है। आगे प्राप्त होने वाली जानकारी के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
