


ऋषिकेश/देहरादून:
अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ऋषिकेश और जनपदीय प्रवर्तन टीम देहरादून को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त श्रीमती प्रेरणा बिष्ट एवं आबकारी निरीक्षक (प्रवर्तन दल देहरादून) जयबीर सिंह के नेतृत्व में आज टिहरी बस अड्डा, चंद्रेश्वर नगर और जाटव बस्ती सहित कई संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर चंद्रेश्वर नगर में एक संदिग्ध मकान पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान मकान से 20 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बाहरी क्षेत्रों से शराब लाकर ऋषिकेश शहर में अवैध रूप से बेचते थे।
आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज
दोनों अभियुक्तों के खिलाफ अवैध शराब के भंडारण और बिक्री के आरोप में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।
प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त प्रेरणा बिष्ट ने स्थानीय लोगों से जनसंपर्क कर अपील की है कि वे अवैध शराब की बिक्री या तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी तुरंत विभाग से साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
————
📌गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
सौरभ पासवान पुत्र रामअदुल पासवान, निवासी: चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश।
अमित पुत्र हरिनाथ राजभर, निवासी: चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश।
————–
📌 कार्रवाई करने वाली संयुक्त टीम:
नेतृत्व: श्रीमती प्रेरणा बिष्ट (प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त) एवं श्री जयबीर सिंह (आबकारी निरीक्षक, प्रवर्तन दल)।
उप आबकारी निरीक्षक: पान सिंह राणा, आशीष प्रकाश, अर्जुन सिंह।
प्रधान आबकारी सिपाही: राकेश सिंह, गोविंद सिंह, हेमंत सिंह।
आबकारी सिपाही: अंकित कुमार, आशीष चौहान, रेशमा, सोनम, दामिनी।
