


राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद की उपाध्यक्ष राज्य मंत्री चारु कोठारी ने पेश की आदर्श मिसल
ऋषिकेश,उत्तराखंड:
उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी की बैठक में राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद की उपाध्यक्ष राज्य मंत्री चारु कोठारी ने कहा कि उत्तराखंड और आंदोलनकारी के हितों को देखते हुए वह शासन की ओर से प्रदत्त मानदेय व अन्य सुविधाओं को त्याग रही है। जिसके लिए उन्होंने शासन को पत्र भेज दिया है।

आईएसबीटी परिसर, ऋषिकेश स्थित उत्तराखंड राज्य निर्माण शहीद स्मारक स्थल पर राज्य आंदोलनकारियों की एक बैठक कैप्टन बलबीर नेगी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद की उपाध्यक्ष, राज्यमंत्री चारु कोठारी ने आंदोलन के वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर एवं उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
बैठक को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री चारु कोठारी ने कहा कि उन्हें पद के साथ अनुमन्य सुविधाएं, मानदेय एवं भत्ते प्रदान किए गए थे, जिन्हें उन्होंने अपनी स्वेच्छा से उत्तराखंड राज्य की आर्थिकी तथा राज्य आंदोलनकारियों के हित में त्याग दिया है। उन्होंने कहा कि इन पर होने वाले शासकीय व्यय को राज्य आंदोलनकारियों के कल्याण, सम्मान एवं हितार्थ संचालित योजनाओं में विनियोजित किया जाना चाहिए।
श्रीमती कोठारी ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से भेंट कर ऋषिकेश-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-58) के चौड़ीकरण के दौरान ध्वस्त हुए शहीद स्मारक स्थल के पुनर्निर्माण की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप शहीदों की स्मृति में एक भव्य शहीद स्मारक का निर्माण किया जाना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण हेतु निर्धारित मानकों में आवश्यक स्थिलता प्रदान करने तथा सूची संख्या-11 को शीघ्र जारी किए जाने के संबंध में भी मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित किए हैं।
शहीद स्मारक स्थल के अध्यक्ष डी.एस. गुसाईं ने राज्य आंदोलनकारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को मुख्य अतिथि के समक्ष रखा। उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों के पहचान पत्रों में “राज्य निर्माण सैनानी” अंकित किए जाने, सभी चिन्हित आंदोलनकारियों को समान पेंशन प्रदान किए जाने तथा सरकारी नौकरियों में राज्य आंदोलनकारियों के लिए निर्धारित 10 प्रतिशत आरक्षण को प्रभावी रूप से लागू किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई।
बैठक में शहीद स्मारक स्थल के अध्यक्ष श्री डी.एस. गुसाईं, संरक्षक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता संजय शास्त्री, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद के उपाध्यक्ष युद्धवीर सिंह चौहान, महामंत्री एवं कोषाध्यक्ष गंभीर मेवाड़, चंदन सिंह पंवार, कुसुमलता शर्मा सहित बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी एवं मातृशक्ति उपस्थित रही।
