



ऋषिकेश,उत्तराखंड:
दिल्ली से शनिवार को ऋषिकेश घूमने आए दो युवक सिंघताली पुल के समीप गंगा में नहाते वक्त डूब गए। जिनका कुछ पता नहीं चल पाया।
एसडीआरएफ के निरीक्षक कविंद्र सजवान ने बताया कि शनिवार के रोग दोपहर लगभग 3:30 बजे जिला कंट्रोल रूम, पौड़ी से सूचना प्राप्त हुई कि थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्रांतर्गत ऋषिकेश से लगभग 30 किलोमीटर दूर बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सिंघटाली पुल के समीप गंगा नदी में स्नान के दौरान दो युवक तेज बहाव में बहकर लापता हो गए हैं।
सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला एवं एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी की टीमें आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आए छह युवकों का एक समूह सिंघताली पुल के समीप गंगा नदी में स्नान कर रहा था। स्नान के दौरान दो युवक नदी के बीच गहरे पानी में चले गए और तेज धारा की चपेट में आकर बह गए। घटना की सूचना उनके साथियों द्वारा तत्काल जिला कंट्रोल रूम को दी गई।
घटनास्थल पर की टीमों द्वारा लगातार गहन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान संचालित किया जा रहा है। एसडीआरएफ के प्रशिक्षित डीप डाइवर्स द्वारा सभी संभावित स्थानों पर गहन तलाशी ली जा रही है।
गंगा में डूबे युवकों की पहचान प्रेम, पुत्र हरीशचंद्र, 26 वर्ष, निवासी जड़ौदा, बुराड़ी, नई दिल्ली, राजन, 26 वर्ष निवासी संगम विहार, दिल्ली के रूप में की गई।घटना की सूचना दोनों युवकों के परिजनों को भी दे दी गई है।
वर्तमान में गंगा नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है तथा पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा के कारण नदी का पानी अत्यधिक मटमैला हो गया है। प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण सर्च अभियान में कठिनाइयाँ आ रही हैं। इसके बावजूद एसडीआरएफ एवं स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार खोज एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।
