




– लंबित मांगों के समर्थन में एनपीडीए ने किया आंदोलन का ऐलान
ऋषिकेश। नर्सिंग प्रोफेशनल डेवलपमेंट एसोसिएशन एम्स ऋषिकेश (एनपीडीए) ने लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। अपनी मांगों के समर्थन में संगठन 19 जुलाई से अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगा। इससे पूर्व संगठन के सभी सदस्य 16 जुलाई से काला बैज, 18 जुलाई को शांतिपूर्ण रैली निकलेंगे।
नर्सिंग प्रोफेशनल डेवलपमेंट एसोसिएशन (एनपीडीए ), एम्स ऋषिकेश ने संस्थान प्रशासन द्वारा लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान में देरी पर गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। इस संबंध में संगठन ने एम्स ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक को औपचारिक पत्र सौंपा है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश के चौधरी और महासचिव चंद्रभान ने बताया कि 11 जून 2026 को प्रस्तुत मांग-पत्र सहित कई बार लिखित एवं मौखिक रूप से प्रशासन का ध्यान कर्मचारियों की समस्याओं की ओर आकर्षित किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
एनपीडीए की प्रमुख मांगों में पात्र नर्सिंग अधिकारियों का प्रोबेशन पूर्ण करना, वरिष्ठता सूची प्रकाशित करना, समयबद्ध पदोन्नति, ईएचएस योजना के अंतर्गत सभी आवश्यक दवाइयों एवं नियमित जांचों की उपलब्धता, अनिवार्य प्रशिक्षण/कोर्स शुल्क की प्रतिपूर्ति, पीएमएसएसवाई आदेशों के अनुसार लियन एवं वेतन संरक्षण लागू करना, अनुकंपा नियुक्ति, टाइप-III आवासों का निर्माण, विशेष क्षेत्र भत्ता, कर्मचारियों के लिए अलग सब्सिडी युक्त कैंटीन, एनपीडीए को मान्यता, वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी एवं सहायक नर्सिंग अधीक्षक के 100 प्रतिशत पदों को पदोन्नति से भरना, महिला नर्सिंग अधिकारियों के लिए परिवहन एवं हॉस्टल सुविधा, फार्मेसी एवं ओपीडी में कर्मचारियों के लिए अलग काउंटर, सेवारत कर्मचारियों के लिए एमएससी नर्सिंग सीटों में आरक्षण, कर्मचारी दावों का समयबद्ध निस्तारण, ईएचएस सुविधाओं का विस्तार, खेल मैदान एवं जिम, क्रेच का समय बढ़ाना, न्यायालयों में समय पर जवाब दाखिल करना तथा पर्याप्त पार्किंग जैसी मांगें शामिल हैं।
