




– ट्रांजिट कैम्प में अधिकारियों की बड़ी समन्वय बैठक, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर मंथन
ऋषिकेश। आगामी कांवड़ मेला–2026 को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए ऋषिकेश के ट्रांजिट कैम्प में पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य मेले के दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और श्रद्धालुओं को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं को चाक-चौबंद करना रहा।
विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किया मंथन
बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात/अपराध जितेंद्र चौधरी, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलूनी, मुख्य नगर आयुक्त ऋषिकेश और उपजिलाधिकारी कुमकुम जोशी, कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट, समेत लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, विद्युत विभाग, नगर निगम और फायर सर्विस के अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान सभी विभागों के बीच आपसी तालमेल को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कांवड़ यात्रा मार्गों पर भारी भीड़ को देखते हुए प्रभावी रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था का खाका तैयार किया गया। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने और आपातकालीन सेवाओं को चौबीस घंटे अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए। कांवड़ मार्गों पर सुचारू बिजली, स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक के बाद मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण
समन्वय बैठक समाप्त होने के बाद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम ने धरातल पर तैयारियों का जायजा लेने के लिए कांवड़ मेला क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण किया। अधिकारियों ने मौके पर जाकर व्यवस्थाओं को परखा और संबंधित स्टाफ को मौके पर ही जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।
प्रशासन का दावा है कि इस बार कांवड़ मेला 2026 पूरी तरह सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए बेहद सुगम होगा।
