




– एम्स चौकी में पुलिस और प्रबुद्ध नागरिकों की बैठक
ऋषिकेश: धर्मनगरी ऋषिकेश को अपराध और नशा मुक्त बनाने तथा महिला सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एम्स चौकी में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल और ऋषिकेश कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, अधिवक्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने भाग लिया।
कानूनी अधिकारों और जनसहभागिता पर बल
बैठक को संबोधित करते हुए राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने उपस्थित महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि ‘नशा मुक्त ऋषिकेश’ के निर्माण में महिलाओं की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने महिलाओं का आह्वान किया कि वे आगे आकर इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि समाज से नशे की बुराई को जड़ से खत्म किया जा सके।
पुलिस प्रशासन ने दिया सुरक्षा का भरोसा
कार्यक्रम में कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और आश्वस्त किया कि पुलिस जनता के साथ मिलकर एक ठोस रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा प्राथमिकताओं में शामिल है और ऋषिकेश को जल्द ही पूरी तरह नशा मुक्त बनाया जाएगा।
वहीं, एम्स चौकी प्रभारी देवेंद्र पंवार ने विशेष रूप से शिवाजीनगर और बैराज क्षेत्र को जल्द से जल्द नशा मुक्त करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने और महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करेगा।
प्रमुख लोगों की रही गरिमामयी मौजूदगी
बैठक के दौरान भावी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर अधिवक्ता मयंक पाल, यतीश सिंह, पिंकी धस्माना, मिंकी देवी, रेखा, ममता सहित भारी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
