




ऋषिकेश: पर्वतीय क्षेत्र में हो रही लगातार वर्षा के कारण ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर बढ़ गया है। बृहस्पतिवार को गंगा चेतावनी रेखा को पार कर बह रही थी। उधर परमार्थ निकेतन के शिव मूर्ति घाट का पूरा हिस्सा जलमग्न हो गया है। यहां गंगा घाटों के ऊपर से होकर बह रही है।
हालात को देखते हुए एसडीआरएफ,जल पुलिस सहित, आपदा नियंत्रण दल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। मौसम अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने देहरादून जनपद के सभी विद्यालयों में शुक्रवार को अवकाश घोषित किया है।

कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि लोगों को गंगा में बढ़ते खतरे के प्रति लगातार अलर्ट किया जा रहा है। गंगा तट पर पुलिस और आपदा प्रबंधन दल की टीमें तैनात कर दी गई है। ऋषिकेश में चेतावनी रेखा 339.50 मीटर और खतरे का निशान 340.50 मीटर पर है। बृहस्पतिवार की शाम गंगा 339.88 मीटर के निशान पर बह रही थी।
गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एसडीआरएफ ,जल पुलिस एवं आपदा राहत दल की सभी टीमें को गंगा तट स्थित प्रमुख घाटों पर तैनात किया गया है तथा नदी के जलस्तर पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
गंगा तटों पर तैनात टीमों द्वारा लाउडहेलर के माध्यम से श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। सभी से अपील की जा रही है कि वे किसी भी स्थिति में गंगा नदी की तेज धारा की ओर न जाएं तथा केवल निर्धारित एवं सुरक्षित पक्के घाटों पर ही स्नान करें।
इसके अतिरिक्त, गंगा नदी के किनारे रहने वाले स्थानीय निवासियों को भी टीमों द्वारा समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
