

हरीश तिवारी,ऋषिकेश:
भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक जिला ऋषिकेश की मेजबानी में रविवार को सदस्यता अभियान 2024 महापर्व की कार्यशाला का आयोजन किया गया। आयोजन स्थल शिशु मंदिर आदर्श नगर को मुख्य द्वार से लेकर अंदर कार्यक्रम स्थल को भाजपा के झंडों से सजाया गया था। स्थानीय विधायक व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, राज्यसभा सांसद डा. कल्पना सैनी और प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, डोईवाला के विधायक बृजभूषण गैरोला कार्यक्रम के मेजबान जिलाध्यक्ष रविंद्र राणा सहित सभी लोग मुख्य द्वार से होकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे और यहीं से वापस भी लौटे।
भाजपा के जिला उपाध्यक्ष और कार्यक्रम के संयोजक मनोज ध्यानी की माने तो कार्यकर्ता की गलती से यह चूक हो गई थी। समय रहते गलती को सुधार लिया गया था।
मुख्य द्वार के ऊपर दोनों और भाजपा का उल्टा झंडा लहरा रहा था। जिसमें भाजपा का कमल निशान उल्टा हो रखा था, लेकिन किसी भी माननीय को यह नजर नहीं आया। भाजपा जिला संगठन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में इतनी बड़ी चूक का संज्ञान पूरा कार्यक्रम निपट जाने के बावजूद किसी ने नहीं लिया।