




सनातन धर्म का प्रतीक है भारत: स्वामी दयाराम दास
ब्यूरो,ऋषिकेश:
अखिल भारतीय संत समिति के बैनर तले महाकुंभ से पहले समस्त संत समाज की बैठक का आयोजन सच्चिदानंद आश्रम शीशम झाड़ी में किया गया। संत समाज द्वारा महाकुंभ में पॉलिथीन मुक्त महाकुंभ अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
विरक्त वैष्णो मंडल के अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी दयाराम दास महाराज ने कहा कि यह भारत भूमि सनातन धर्म का प्रतीक है। यहां रामकृष्ण जैसे परम तपस्वी जन्मे हैं। इस धरा पर धर्म के प्रकाश के लिए ईश्वर ने संतों को माध्यम बनाया है। संत सदैव मानव कल्याण एवं राष्ट्र के निर्माण में अपना पूर्ण समर्पण एवं सद्भाव रखते हैं। महामंडलेश्वर ईश्वर दास महाराज ने कहा गौ गंगा गायत्री एवं सनातनी संस्कृति के लिए जो भी भगवा का सम्मान करते हुए समाज हित में कार्य करता है, संत उसी के साथ चलते हैं। संतों का आशीर्वाद सदैव सनातन संस्कृति एवं धर्म रक्षों के साथ है।
सर्वसम्मति से इस वर्ष होने वाले महाकुंभ में अखिल भारतीय संत समिति विरक्त वैष्णव मंडल समिति ऋषिकेश द्वारा महाकुंभ में पॉलिथीन मुक्त महाकुंभ अभियान चलाया जाएगा। संतों द्वारा पर्यावरण संरक्षण संवर्धन के लिए घर-घर पौधारोपण अभियान भी चलाया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता अखिल भारतीय संत समिति के प्रदेश महामंत्री महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वर दास महाराज ने और संचालन तुलसी मानस मंदिर के महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज ने किया। इस अवसर पर महंत चेतन स्वरूप महाराज,महंत छोटन दास, महंत गणेश दास, महंत आलोक हरि, महंत कन्हैया दास, महंत भारत भूषण दास, महंत रामशरण दास त्यागी,महंत निर्मल दास, महंत रवींद्र दास, महंत करुणा शरण,स्वामी गोपाल दास, स्वामी बालक दास, स्वामी प्रब्रह्म आनंद,पवन दास,महावीर दास, प्रमोद दास आदि संत उपस्थित थे।

