
ऋषिकेश: नगर निगम ऋषिकेश के मेयर सहित कई वार्डों में पार्षदों का चुनाव रोचक मोड़ पर पहुंच गया है। क्षेत्र और मतदाताओं के प्रति पार्षद प्रत्याशियों की क्या सोच है इस पर लोग ज्यादा मनन कर रहे हैं। वार्ड संख्या 10 बाबा सदानंद मार्ग से भाजपा प्रत्याशी आंशु डंग के विकास से संबंधी रोडमैप को मतदाता पसंद कर रहे हैं। अब देखना यह है कि चुनाव परिणाम किसके पक्ष में जाते हैं।
वार्ड संख्या 10 ऐसा इलाका है जहां शहर के बुद्धिजीवी और प्रमुख व्यवसायी निवास करते हैं। यही कारण है कि इस वार्ड पर सबकी नजर है। पिछले 10 वर्ष से यहां कांग्रेस के मनीष शर्मा चुने जीतते रहे हैं। इस बार चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने युवा व्यापारी और सामाजिक कार्यकर्ता आंशु डंग पर अपना भरोसा जताया है। उनसे सभी प्रत्याशियों को चुनौती मिल रही है। यहां पर कुल तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। यश अरोड़ा भी निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।
युवा प्रत्याशी आंशु डंग अपने जनसंपर्क और चुनाव प्रचार अभियान में वार्ड के भीतर पिछले 10 वर्षों में अवरुद्ध विकास कार्य को निशाने पर रखे हुए हैं। उनका कहना है कि आवारा पशु और बंदरों की समस्या से निजात नहीं मिल पाई है। यहां की सड़कों, नालियों और सीवर लाइन की हालत अत्यधिक खराब है। सीवर का गंदा पानी सड़कों पर बहता है। क्षेत्र के एकमात्र पार्क की हालत जीर्णशीर्ण हो रखी है। देहरादून रोड से लगे संपर्क मार्गों पर जलभराव की समस्या किसी से छिपी नहीं है।
आंशु डंग ने कहा कि उन्होंने वार्ड के विकास के लिए रोड मैप तैयार किया है। प्राथमिकता के आधार पर संबंधित समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा उन्होंने बताया कि वार्ड की समस्त गलियों को सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरा से सुसज्जित करना भी उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र के सभी पुराने बिजली के खंबो और झूलती तारों से निजात दिलाते हुए, यहां स्थित सभी धार्मिक स्थलों का सुंदरीकरण किया जाएगा।