



– केंद्रीय कृषि मंत्री ने ऋषिकेश में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत लखपति दीदियों और कृषकों से किया संवाद
ब्यूरो,ऋषिकेश
कृषि मंत्री भारत सरकार शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार विकास की दिशा में तेजी से कम कर रही है। यहां विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण की दिशा में अद्भुत कार्य हो रहे हैं। पूरे उत्तराखंड में डेढ़ लाख से अधिक लखपति दीदी बनाने का कार्य सफलता से पूर्ण हुआ है।

ऋषिकेश में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान लखपति दीदियों और कृषकों के साथ संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के भीतर महिला सहायता समूह ने यहां के परंपरागत उत्पादों को नई पहचान देने का काम किया है। आज उत्तराखंड के उत्पाद पूरे देश में अपनी पहचान बन चुके हैं। सहायता समूह को और अधिक प्रोत्साहन और उनके लिए योजनाबद्ध कार्य किया जाए तो हमारे उत्पादन विश्व में अपनी पहचान बना सकते हैं। उत्तराखंड सरकार महिला सहायता समूह को प्रशिक्षण ही नहीं बल्कि उन्हें बैंकिंग और उन्हें बाजार भी उपलब्ध करा रही है। हाउस ऑफ हिमालय के माध्यम से सरकार अच्छा काम कर रही है। इसके माध्यम से उत्पादकों को एक बेहतर मंच मिल रहा है।
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उत्तराखंड के किसान प्रगतिशील किसान है, वह उत्पादन के क्षेत्र में बेहतर काम कर रहे हैं। यहां के उत्पाद उत्कृष्ट किस्म के हैं। यहां उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रांडिंग और प्रमाणीकरण में और सुधार हो जाए तो निश्चित रूप से इस क्षेत्र में यह राज्य अग्रणी राज्य की श्रेणी में खड़ा होगा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री की इच्छा है कि उत्तराखंड में सेंटर आफ एक्सीलेंस बनाने की दिशा में कार्य किया जाना चाहिए। भारत सरकार का ग्रामीण विकास मंत्रालय मंत्रालय उसमें मदद करेगा। इससे उत्तराखंड ही नहीं बल्कि अन्य हिमालयी राज्यों के उत्पादों पर ठीक से रिसर्च हो सके और इन सभी उत्पादों को दुनिया के सामने ठीक से प्रस्तुत कर सके। उन्होंने कहा कि किसानों के सशक्तिकरण के लिए उत्तराखंड सरकार जो काम कर रही है उसमें केंद्र सरकार अपनी पूरी मदद देगी।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड के भीतर सरकार विशेष रूप से कृषक और यहां के स्थानीय उत्पादों को बेहतर मंच प्रदान करने का काम कर रही है। महिला सहायता समूह के माध्यम से उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है। चार धाम यात्रा में भी 100 से अधिक आउटलेट के माध्यम से महिला सहायता समूह उत्पादों को बेचने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के उत्पाद अब बाजार के अतिरिक्त एयरपोर्ट आदि में भी उपलब्ध होंगे। हमारी कोशिश है कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में हम स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देते हुए महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाएं। यहां के उत्पादों को देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान दिलाने का काम हम केंद्र सरकार की मदद से करेंगे।
इस मौके पर राज्यसभा सदस्य डॉ कल्पना सैनी, डॉ नरेश बंसल, उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान, पूर्व मेयर अनीता ममगाईं आदि मौजूद रहे।


