



– नगर निगम ने प्रशासन की मदद से शुरू किया अतिक्रमण विरोधी अभियान
ब्यूरो,ऋषिकेश
इस वर्ष मानसून ने केरल में 8 दिन पहले दस्तक दे दी है। उत्तराखंड में भी मानसून के समय पर आने की उम्मीद है। नगर निगम प्रशासन की ओर से मानसून को देखते हुए सुरक्षा की तैयारी शुरू कर दी गई है। गंगा की सहायक नदी चंद्रभागा के दोनों किनारो पर 100 से अधिक अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। जिन पर प्रशासन की जेसीबी चलानी शुरू हो गई है।
तीर्थ नगरी ऋषिकेश में गंगा के किनारो को बदसूरत बनाने का काम यहां बनी अवैध बस्तियां कर रही है। नशीले पदार्थों की बिक्री के भी यह इलाके सॉफ्ट टारगेट बने हुए हैं। मांस की बिक्री भी यहां की जाती है। कई वर्षों से प्रशासन की ओर से गंगा नदी और उसकी सहायक नदी चंद्रभागा के किनारे अतिक्रमण नहीं हटाया गया था।
इस वर्ष मानसून के आगमन से पहले ही नगर निगम प्रशासन में नदियों के तटों से अतिक्रमण हटाने का काम शुरू कर दिया है। नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि विभाग की ओर से चंद्रभागा नदी के दोनों किनारो सहित गंगा के तट तक अतिक्रमण को चिन्हित किया गया था। मुनादी करने के बाद सभी को यहां से हटाने के लिए बता दिया गया था। कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक विनोद कुमार, नगर निगम के सफाई निरीक्षक अभिषेक मल्होत्रा की देखरेख मैं जेसीबी की मदद से समुचित क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


