
– उप जिलाधिकारी यमकेश्वर ने अधिकारियों और प्रतिनिधियों की बैठक ली
ऋषिकेश: जनपद पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर प्रखंड में माणिकूट पर्वत की तलहटी पर स्थित पौराणिक श्री नीलकंठ महादेव मंदिर से जुड़ी कावड़ यात्रा की तैयारी प्रशासन की ओर से शुरू कर दी गई है। उप जिलाधिकारी यमकेश्वर अनिल चनियाल ने सोमवार को सभी विभागीय अधिकारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर होने वाली तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर सभी विभागों को अपनी तैयारी को पूरा करना होगा। उसके बाद जो कमियां रह जाएगी उन्हें निश्चित समय अवधि के भीतर पूरा किया जाएगा।
लक्ष्मण झूला स्थित डीएम कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में उप जिलाधिकारी अनिल चनियाल ने सभी विभागों के अधिकारियों से उनके द्वारा की जा रही तैयारी पर चर्चा की। किसी भी तरह की समस्या को उन्होंने तत्काल उच्चाधिकारियों के साथ साझा करने को कहा। उप जिलाधिकारी ने बताया कि बीते वर्षों में जो भी तैयारी की गई थी उनमें जो भी खामियां रही है उनसे सबक लेते हुए श्रद्धालुओं की सुविधाओं को व्यापक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नीलकंठ जाने वाले पैदल मार्ग पर वन्यजीवों की आमद को देखते हुए पुलिस विभाग और राजाजी टाइगर रिजर्व के अधिकारियों को विशेष सुरक्षा बढ़ाने के लिए कहा गया है। पूरे नीलकंठ मार्ग पर पथ प्रकाश, मार्ग का सुधारीकरण और पानी के स्टैंड पोस्ट तय समय के भीतर लग जाएंगे। यात्रा मार्ग पर भंडारा लगाने की अनुमति नहीं होगी। जगह-जगह हुए अतिक्रमण को चिन्हित करते हुए संयुक्त रूप से कार्रवाई होगी।
उप जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सेहत और सुरक्षा को देखते हुए जरूरत के हिसाब से एंबुलेंस सेवा, चिकित्सक और स्टाफ की तैनाती होगी। मानसून के दौरान नीलकंठ मोटर मार्ग पर आने वाले मलबे को हटाने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यकता के अनुसार जेसीबी उपलब्ध कराने को कहा गया है। जनपद टिहरी गढ़वाल के मुनिकीरेती, जनपद देहरादून के ऋषिकेश क्षेत्र के पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर मजबूत ट्रैफिक प्लान शीघ्र बना लिया जाएगा।
बैठक में थानाध्यक्ष लक्ष्मण झूला संतोष पैथवाल,सहायक अभियंता ऊर्जा निगम एमएस नेगी, रवि अरोड़ा, सहायक अभियंता जल निगम दीपक बोहरा, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी एके चौहान, डिप्टी रेंजर रमेश दत्त कोठियाल, वन दरोगा देव सिंह बिष्ट, राजस्व उप निरीक्षक संजय सिंह गुसांई, आपूर्ति निरीक्षक ज्योति नेगी, अवर अभियंता जिला पंचायत राहुल राणा, वरिष्ठ सहायक नगर पंचायत अनिल राणा, स्वर्गाश्रम व्यापार मंडल के अध्यक्ष डॉ नारायण सिंह रावत, सचिन होटल एसोसिएशन लक्ष्मण झूला उदय सिंह नेगी, टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष भगत सिंह पयाल, सचिव विजेंद्र सिंह बिष्ट, सभासद जितेंद्र धाकड़ आदि मौजूद रहे।