




✍🏻 पंचायत चुनाव में उत्तराखंड की जनता ने कांग्रेस को दिया अपना आशीर्वाद
✍🏻 “गांव सरकार में कांग्रेस की वापसी”
देहरादून: उत्तराखंड में हाल ही में संपन्न हुए पंचायत चुनावों के नतीजों पर कांग्रेस ने शुक्रवार को देहरादून में प्रेसवार्ता कर जोरदार प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन महारा ने दावा किया कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने जिला पंचायत स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 198 अधिकृत प्रत्याशियों में से 138 पर जीत दर्ज की है।
करन महरा ने कहा कि देहरादून, पौड़ी, और चमोली जैसे जिलों में कांग्रेस ने गांव स्तर पर जनता का विश्वास जीतकर एक नई ऊर्जा के साथ वापसी की है। राजधानी देहरादून में कांग्रेस को विशेष सफलता मिली, जहां 16 अधिकृत प्रत्याशियों में से 12 विजयी हुए, वहीं ओपन सीटों पर भी कांग्रेस समर्थित 4 प्रत्याशी जीत दर्ज करने में सफल रहे। रुद्रप्रयाग जिले में भी एकतरफा जीत का दावा किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि गढ़वाल और कुमाऊं दोनों मंडलों में कांग्रेस को व्यापक जनसमर्थन मिला है और पार्टी 12 में से 8 से 10 जिला पंचायत बोर्ड गठित करने की स्थिति में पहुंच गई है।
उन्होंने इसे “गांव सरकार में कांग्रेस की वापसी” बताते हुए कहा कि यह परिणाम भाजपा के खिलाफ जन आक्रोश का संकेत हैं। “पंचायत चुनाव में उत्तराखंड की जनता ने कांग्रेस को अपना आशीर्वाद दिया है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि बीजेपी अपनी प्रमुख सीटों तक नहीं बचा पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के वरिष्ठ नेता, विधायक, और पूर्व कैबिनेट मंत्रियों के परिजन तक इन चुनावों में पराजित हुए हैं। सबसे तीखा हमला उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर किया, यह कहते हुए कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट अपना बूथ तक नहीं बचा पाए। यह दिखाता है कि बीजेपी किस ओर जा रही है।

