




ऋषिकेश, उत्तराखंड:
ऋषिकेश तथा आसपास क्षेत्र में लंबे समय से रसोई गैस की कालाबाजारी हो रही है। घटतौली और रिफिलिंग की शिकायत है आम हो गई है। ऐसा ही एक मामला ऋषिकेश के देहात क्षेत्र में पकड़ में आया। लक्कड़घाट की गली नंबर तीन में बुधवार को छापेमारी कर पूर्ति विभाग की टीम ने गैस की कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया। मौके से टीम ने 146 घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। पांच बिजली मोटर चालित रिफिलिंग किट, 15 बांसुरी (रिफिलिंग यंत्र) और एक इलेक्ट्रिक तराजू भी बरामद हुआ है। वहीं, पूर्ति निरीक्षण की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की पहचान और धरपकड़ को प्रयास तेज कर दिए हैं।
बताया गया है कि सीएम पोर्टल पर ऋषिकेश स्थित लक्कड़घाट में गैस की कालाबाजारी की शिकायत की गई थी। जिस पर पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली और शिवमोहन भट्ट ने टीम के साथ लक्कड़घाट की गली नंबर तीन में एक निर्माणाधीन मकान में छापा मारा। टीम को देखते ही अज्ञात युवक चकमा देकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। टीम निर्माणाधीन भवन में दाखिल हुई तो भीतर घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर का भंडारण पाया गया। 83 गैस सिलेंडरों में 71 व्यावसायिक और 12 घरेलू गैस सिलेंडर मिले। नजदीक ही दो लोडर वाहनों में 53 व्यवासायिक गैस सिलेंडर और बरामद हुए। कुल 146 सिलेंडरों को जब्त कर टीम ने उन्हें ऋषिकेश की त्रिवेणी गैस एजेंसी के गोदाम में सुरक्षित रखवाया, जबकि लोडर वाहनों को भी क्रेन के माध्यम से आईडीपीएल की पुलिस चौकी पहुंचाया गया। पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली की तहरीर पर पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
