




– महिला उत्पीड़न, रोजगार जैसे मुद्दों पर 16 फरवरी को राजभवन घेरेगी कांग्रेस
ऋषिकेश,उत्तराखंड:
उत्तराखंड कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ हरक सिंह रावत ने शराब और खनन नीति को लेकर प्रदेश सरकार पर फिर से हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में महिला उत्पीड़न, रोजगार समेत अन्य मुद्दों पर कांग्रेस 16 फरवरी को राजभवन का घेराव करेगी। इस प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पूरी ताकत झोॅक देगी।
रेलवे रोड स्थित नीरज भवन में पत्रकारों के साथ बातचीत में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ हरक सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड के ज्वलंत मुद्दों को लेकर कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष कर रही है। विशेष रूप से महिला उत्पीड़न से जुड़े मामले कांग्रेस के संघर्ष के एजेंडा में सबसे ऊपर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में महिला अपराध और उत्पीड़न के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। प्रदेश की राजधानी तक सुरक्षित नहीं है। कांग्रेस नेता ने कहा कि रोजगार के सवाल पर 10 साल में सिर्फ 23000 लोगों को रोजगार मिल पाया है, जबकि प्रदेश में 55000 पद रिक्त हैं। अग्निवीर योजना पर उन्होंने कहा कि सरकार भारत सरकार के बजट से अग्निवीर तैयार कर रही है। जो देश के उद्योगपतियों को सुरक्षा तंत्र उपलब्ध कराने का एक तरीका है।

उत्तराखंड की शराब और खनन नीति पर सवाल खड़े करते हुए हरक सिंह रावत ने कहा कि सरकार की नीति माफिया को लाभ पहुंचाने वाली है। तमाम जिलों के प्रमुख इस काम में लगाए गए हैं।
सांप्रदायिक सद्भाव के रूप में उत्तराखंड की पहचान रही है, मगर इस सरकार ने पूरे प्रदेश को सांप्रदायिकता की आग में झोकने का काम किया है। यह तामम मुददे 16 फरवरी को राज्य भवन घेराव के दौरान प्रमुखता के साथ उठाए जाएंगे। इस मौके पर पूर्व केबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, राजपाल खरोला जयेद्र रमोला, एडवोकेट राकेश सिंह, राकेश अग्रवाल, भगवती प्रसाद सेमवाल, ललित मोहन मिश्र, देवेंद्र प्रजापति, गुरविंदर सिंह आदि मौजूद रहे।
