कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने रुड़की और रामनगर में किया जनसभा को संबोधित
ब्यूरो,रुड़की/रामनगर
प्रधानमंत्री की रुद्रपुर और ऋषिकेश में आयोजित विजय संकल्प रैली के बाद चुनाव प्रचार की इस कड़ी में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी ने रुड़की और रामनगर में न्याय यात्रा रैली को संबोधित किया। रेली के माध्यम से प्रियंका गांधी कार्यकर्ताओं में जोश भरने में सफल रही। अपने संबोधन में उन्होंने अग्नि वीर योजना और अंकिता भंडारी हत्याकांड पर मोदी सरकार को घेरते हुए सवाल खड़े किये, कहा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री जी कहते हैं कि वे नारी शक्ति को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्हें देश की महिलाओं को ये भी बताना चाहिए कि अंकिता भंडारी पर अत्याचार करने वाले “VIP” को संरक्षण कौन दे रहा है? जब हमारी खिलाड़ी बहनें कह रही थीं कि हमारा यौन शोषण हुआ, तब मोदी जी कहां थे? जब हाथरस में रेप पीड़िता को जलाया गया तो अपराधियों को किसने बचाया? उन्नाव रेप कांड में अपराधियों को संरक्षण किसने दिया? वे जो भी कर रहे हैं वह नारी शक्ति के लिए नहीं, अपनी शक्ति और अपनी सत्ता के लिए कर रहे हैं।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तराखंड के रामनगर और उसके बाद रुड़की में आयोजित चुनावी सभा मे कहा कि इस बार जनता को सोच समझकर चुनाव करना होगा और देश मे मोदी सरकार के बजाय जनता की सरकार बननी चाहिए। प्रियंका ने कहा कि उत्तराखण्ड के लोग व उनका परिवार शहादत व त्याग को भली भांति जानते हैं। जिनका एक बूंद खून भी नहीं बहाया वो आज हमारी देशभक्ति को देशद्रोह बता रहे हैं। लेकिन हम चुप इसलिए कि हमारे दिलों में देश के प्रति श्रद्धा है। प्रियंका गांधी ने आक्रामक अंदाज में अंकिता भण्डारी हत्याकांड, अग्निवीर,पेपर लीक व ओल्ड पेंशन स्कीम पर प्रधानमंत्री मोदी व भाजपा को कठघरे में खड़ा किया।
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति की बात करने वाली भाजपा के शासन में अंकिता भंडारी की हत्या हो जाती है। प्रियंका ने अंकिता भंडारी हत्याकांड के साथ हाथरस,उन्नाव मणिपुर में महिलाओं पर हुए अत्याचार का जिक्र करते हुए कहा कि ओलंपिक में पदक जीतने वाली महिला पहलवानों को शोषण के खिलाफ सड़क पर उतरना पड़ता है। लेकिन पीएम मोदी उनसे बात नहीं करते। प्रियंका गांधी ने भाजपा को कई मुद्दों पर घेरा। दस साल के कार्यकाल को महंगाई,भृष्टचार व कुछ उद्योगपतियों के नाम करार दिया।
कांग्रेस की स्टार प्रचारक ने अग्निवीर योजना पर भी भाजपा को घेरा, कहा सत्ता में आने पर कांग्रेस इस योजना को समाप्त करेगी। कांग्रेस शासित राज्यों में ओल्ड पेंशन स्कीम लागू की गई है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि पेपर लीक होने के कारण युवाओं का भविष्य अंधकार मय हो गया है। 20-20 लाख रुपए में पेपर बेचे गए। पीएम मोदी ने देश की सम्पत्ति उद्योगपति अडानी व अम्बानी को दे दी है। प्रियंका ने कहा कि भाजपा के दस साल के शासन को सभी ने देख लिया। पीएम मोदी जैसा टीवी व होर्डिंग में दिखते हैं वैसे नहीं हैं। प्रियंका ने 15 लाख बैंक के खाते में आने व 2 करोड़ रोजगार के वादे पर भी भाजपा को घेरा। इलेक्ट्रॉल बांड पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि गुजरात मे गिरने वाले पुल बनाने वाली एजेंसी व कोविड वैक्सीन बनाने वाली कम्पनी से भी भाजपा ने चंदा वसूली की।
रुड़की की रैली में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, हरिद्वार सीट से प्रत्याशी वीरेंद्र रावत, टिहरी सीट से प्रत्याशी जोत सिंह गुनसोला, इलेक्शन कैंपेन कमिटी के अध्यक्ष विधायक प्रीतम सिंह, विधायक ममता राकेश, सतपाल ब्रह्मचारी मौजूद रहे। जबकि रामनगर की रैली में गढ़वाल सीट से प्रत्याशी गणेश गोदियाल, नैनीताल सीट से प्रत्याशी प्रकाश जोशी, अल्मोड़ा सुरक्षित सीट से प्रदीप टम्टा, नेता विपक्ष यशपाल आर्य पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत आदि मौजूद रहे।
————————–
प्रियंका ने किया शिव मंदिर में जलाभिषेक
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रामनगर, उत्तराखंड में श्री ब्रह्मानंद महाराज का आशीर्वाद लिया। साथ ही आश्रम में स्थित मंदिर में भगवान शिव के दर्शन कर जिलाभिषेक करते हुए देश और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।