

– संत महात्माओं का भी मिल रहा है गोमुख संकल्प कलश यात्रा को अपार समर्थन
ब्यूरो, ऋषिकेश
श्री रामायण प्रचार समिति तुलसी मानस मंदिर मां गंगा के निर्मल अविरल जल के संदेश को लेकर ऋषिकेश से गोमुख तक कलश यात्रा निकालेगी। 25 जून को यह यात्रा त्रिवेणी घाट ऋषिकेश से शुरू होगी। गोमुख गंगोत्री से पवित्र जल लेकर यह यात्रा 30 जून को ऋषिकेश में संपन्न होगी।
शनिवार को ऋषिकेश स्थित रामायण प्रचार समिति तुलसी मानस मंदिर में बैठक आयोजित की गई। जिसमें मठ मंदिरों के महंत महामंडलेश्वर, जगतगुरु संत, महात्माओं ने गोमुख संकल्प यात्रा पर चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता महामंडलेश्वर स्वामी दयाराम दास महाराज अध्यक्ष विक्तत वैष्णव मंडल ने की।
बैठक का संचालन महामंडलेश्वर ईश्वर दास महाराज ने किया।
गोमुख संकल्प कलश यात्रा के संस्थापक अध्यक्ष महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज ने कहा कि मां गंगा की धारा को निर्मल बनाने का संकल्प लिया है। इस अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण संवर्धन जन चेतना अभियान गोमुख संकल्प कलश यात्रा का पांच दिवसीय यात्रा में समस्त संत समाज क्षेत्र वासियों को गंगा मैया से जोड़ते हुए गोमुख तक जनमानस को मां गंगा की अमृतमई निर्मल जलधारा को दूषित न करने का संदेश दिया जाएगा।
यात्रा में मठ मंदिरों के द्वारा कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। अपने पौराणिक वाद्य यंत्रों के साथ यात्रा चलेगी।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर डॉ रामेश्वर दास महाराज, महामंडलेश्वर वृंदावन दास महाराज, महामंडलेश्वर विष्णु दास, महंत छोटन दास, महंत हरण दास, राम चौबे, रविंदर दास, योगीराज नवीन जोशी, चंद्रवीर पोखरियाल संरक्षक श्री गंगा सेवा पर्यावरण सुरक्षा समिति,गजेंद्र कड़ियाल अध्यक्ष अखिल भारतीय सीताराम परिवार, सुशीला सेमवाल अध्यक्ष अखिल भारतीय सीताराम परिवार महिला मंडल, उत्तम चंद्र रमोला, अभिषेक शर्मा, घनश्याम नौटियाल, दिनेश डबराल अध्यक्ष श्री गंगा सेवा पर्यावरण सुरक्षा समिति उपस्थित थे।