


– गौ माता को राष्ट्र माता का सम्मान दिए जाने की मांग को लेकर देश में जारी रहेगा अभियान
ब्यूरो,ऋषिकेश:
प्रख्यात गौ कथा वाचक और संपूर्ण देश के भीतर गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के लिए जन जागृति अभियान चलाने वाले संत गोपाल मणि महाराज ने कहा कि गौ माता को राष्ट्र माता का सम्मान और गौ हत्या मुक्त भारत बनाना हम सब की प्राथमिकता होनी चाहिए।
त्रिवेणी घाट ऋषिकेश में संत गोपाल मणि महाराज गौ कथा करने आए हैं। श्री गोपाल गोलोकधाम रामेश्वरी भक्ति आश्रम ट्रस्ट के संस्थापक गोपाल मणि महाराज ने कहा कि सनातन धर्म, वेद, उपनिषद, पुराण सहित समस्त धर्म शास्त्रों में गौ माता की महिमा गाई गई है। गाय को पशु नहीं बल्कि माता की प्रतिष्ठा दी गई है। संविधान एवं कानून में गाय को राज्य सूची से हटकर केंद्रीय सूची में प्रतिष्ठित कर गौ माता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिया जाना चाहिए। गौ हत्या मुक्त भारत बनाने के लिए हम संपूर्ण भारत में आंदोलन चला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज के सानिध्य में हम इस आंदोलन का निर्देशन कर रहे हैं। 14 मार्च से 28 मार्च तक हमने नंगे पैर गोवर्धन से दिल्ली तक पदयात्रा की है। उन्होंने बताया कि गौ माता प्रतिष्ठा आंदोलन के तहत गौ ध्वज स्थापना भारत यात्रा 22 सितंबर से 26 अक्टूबर तक संपन्न हुई है। जिसमें भारत के समस्त 36 प्रदेशों की राजधानियों में पहुंचकर वहां गौ ध्वज की स्थापना की गई है। यात्रा का सुख परिणाम यह सामने आया है कि महाराष्ट्र की सरकार ने गौ माता को राज्य माता का संवैधानिक दर्जा दे दिया है। देवभूमि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के बाद अब महाराष्ट्र तीसरा ऐसा राज्य बन गया है जहां गौ माता को प्रतिष्ठा दी गई है। उन्होंने बताया कि इस उद्देश्य को लेकर हमारा अभियान जारी रहेगा। इस मौके पर आचार्य सीता शरण, आचार्य राकेश सेमवाल, चंदना साधुका, नागेश्वरी, अबल देई, राम सिंह पंवार आदि मौजूद रहे।
