



– ऋषिकेश में राजकीय मौन पालन परिषद के उपाध्यक्ष गिरीश डोभाल के कार्यालय का उद्घाटन
ब्यूरो, ऋषिकेश
कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को ऋषिकेश स्थित हनुमंतपुरम गंगा नगर में राजकीय मौन पालन परिषद के उपाध्यक्ष गिरीश डोभाल के कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम‘ अभियान के तहत एक फलदार पौधे का रोपण भी किया। उन्होंने कहा कि उपाध्यक्ष बनाए गए गिरीश डोभाल बहुत पुराने स्वयंसेवक हैं। वास्तव में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भारतीय जनता पार्टी की आत्मा है।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मौनपालन किसानों के लिए आय बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम बन रहा है। शहद और इसके सह-उत्पादों से जहां कास्तकारों को अतिरिक्त आमदनी हो रही है, वहीं पर-परागण के माध्यम से बागवानी फसलों की उत्पादकता और गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किसानों की आय दोगुनी करने के उद्देश्य से मौनपालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उत्तराखंड का 65 प्रतिशत से अधिक भूभाग वनाच्छादित होने के कारण यहां मौनपालन की अपार संभावनाएं हैं। यह केवल शहद उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कृषि उत्पादकता को भी बढ़ाता है और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उत्पन्न करता है।
इस दौरान मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय मंत्री द्वारा प्रदेश की कृषि संबंधी योजनाओं हेतु लगभग रुपये 3,800 करोड़ की सैद्धांतिक सहमति प्रदान करने पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार प्रकट किया। कृषि मंत्री ने कहा कि वर्तमान में उत्तराखंड में लगभग 8000 मधुमक्खी पालक, 95000 कॉलोनियों का संचालन कर रहे हैं, जिससे 1900 टन वार्षिक शहद उत्पादन हो रहा है। बदरीनाथ के वन तुलसी के शहद की अधिक डिमांड बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि शहद उत्पादन में उत्तराखंड का देश में 9 वां स्थान है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल ने कहा कि संगठन और सरकार ने स्वयंसेवक गिरीश डोभाल को मौन पालन परिषद के उपाध्यक्ष बनाकर कार्यकर्ताओं का सम्मान बढ़ाया है। निश्चित रूप से उनके नेतृत्व में मौन पालन के क्षेत्र में प्रदेश और उन्नति करेगा।
इस मौके पर मेयर शंभु पासवान, निदेशक बागवानी मिशन महेंद्र पाल, संयुक्त निदेशक डॉ रतन कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष रविन्द्र राणा, बृजेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, मंडल महामंत्री नितिन सक्सेना, आलोक गौतम दीपक बिष्ट, मोनू शर्मा, पंकज गुप्ता, सुमित पंवार, शिवकुमार गौतम, विकास तेवतिया, सतीश सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दिनेश सती ने किया।


