


देहरादून: साहित्य गरिमा पुरस्कार समिति, हैदराबाद द्वारा वर्ष 2025 के प्रतिष्ठित ‘सिया सहचरी काव्य सम्मान’ के लिए पत्रकार व कवि शिवप्रसाद जोशी की काव्य कृति ‘गिनती के बाहर’ का राष्ट्रीय स्तर पर चयन किया गया है।
समिति के कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण प्रणव ने बताया कि साहित्य गरिमा पुरस्कार समिति वर्ष 2000 से अहिंदी भाषी प्रदेशों के लेखकों को हिंदी साहित्य की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट योगदान हेतु सम्मानित करती आ रही है। वर्ष 2023 से समिति द्वारा ‘साहित्य गरिमा पुरस्कार’ के अतिरिक्त अन्य विशिष्ट सम्मानों की भी स्थापना की गई है, जिनमें ‘सिया सहचरी काव्य सम्मान’ प्रमुख है।
श्री जोशी की काव्य कृति को राष्ट्रीय स्तर के निर्णायकों द्वारा उत्कृष्ट अभिव्यक्ति, संवेदनशीलता एवं साहित्यिक गुणवत्ता के आधार पर चयनित किया गया है।
यह सम्मान 15 मार्च 2026 को हैदराबाद में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा, जिसमें देशभर के साहित्यकार, विद्वान एवं साहित्यप्रेमी उपस्थित रहेंगे।
समिति ने विश्वास व्यक्त किया है कि यह सम्मान शिवप्रसाद जोशी के साहित्यिक योगदान को नई पहचान देगा तथा हिंदी साहित्य की समृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कविता संग्रह काव्यांश प्रकाशन ऋषिकेश से प्रकाशित किया गया है।
इससे पूर्व वर्ष 2021 में शिवप्रसाद जोशी के कविता संग्रह ‘ रिक्त स्थान और अन्य कविताएं’ को प्रथम चाक पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
