



– संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के तत्वावधान में ट्रांसिट कैंप में होगा आयोजन
ब्यूरो,ऋषिकेश
चार धाम यात्रा के अंतर्गत गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के दिन बुधवार को खुल चुके हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं इस मौके पर मौजूद थे। दो मई को श्री केदारनाथ धाम और चार मई को श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने जा रहे हैं। चार धाम यात्रा का विधिवत्त शुभारंभ तीन मई शनिवार को ऋषिकेश के चार धाम यात्रा बस ट्रांजिट कैंप में होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इस विशेष मौके पर इस वर्ष संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति की ओर से पहाड़ के पारंपरिक भोज भड्डू की दाल और भात से श्रद्धालुओं की मेजबानी करेंगे।
संयुक्त रोटेशन कार्यालय में गुरुवार को पत्रकारों के साथ बातचीत में संयुक्त रोटेशन समिति के अध्यक्ष भूपाल सिंह नेगी ने बताया कि बीते वर्षों की तुलना में इस वर्ष शासन और प्रशासन की ओर से यात्रा व्यवस्था को बनाने के लिए सकारात्मक पहल की गई है। ट्रांसिट केंप परिसर में पहाड़ी उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। संयुक्त रोटेशन समिति की ओर से यात्रा शुभारंभ के अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को पहाड़ी भोज भड्डू की दाल और भात भरोसा जाएगा। उन्होंने कहा की हमारा शासन से आग्रह है कि सत्यनारायण चेक पोस्ट पर यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को ना रोका जाए। बल्कि उन्हें शहर में अपने पड़ाव स्थल तक आने की अनुमति दी जाए।
संयुक्त रोटेशन व्यवस्था समिति के पूर्व अध्यक्ष संजय शास्त्री ने बताया कि यात्रा के लिए पर्याप्त वाहन उपलब्ध है। यात्रा के पिक समय में लोकल बस सेवा प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 29 अप्रैल को यहां से 39 गाड़ियां चार धाम के लिए रवाना हुई थी। उम्मीद है तीन मई के बाद यात्रा में तेजी आएगी।
इस मौके पर मौजूद नगर निगम के महापौर शंभू पासवान ने बताया कि चार धाम यात्रा में नगर निगम अपनी पूरी जिम्मेदारी निभा रहा है। ट्रांसिट कैंप सहित बस टर्मिनल कंपाउंड तक 60 अतिरिक्त सफाई कर्मी तैनात किए गए हैं। सहायक नगर आयुक्त आरएस रावत को यात्रा काल में यही तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि यहां रात्रि में भी सफाई व्यवस्था होगी, शहर पर भी सफाई का पूरा ख्याल रखा जाएगा। इस मौके पर यातायात परिवहन कंपनी के निवृति मां अध्यक्ष मनोज ध्यानी,टीजीएमओ कंपनी के संचालक बलबीर सिंह रौतेला, दिनेश बहुगुणा, रोटेशन प्रभारी नवीन तिवारी आदि मौजूद रहे।


