



– उप जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और पुलिस क्षेत्राधिकारी ने संयुक्त रूप से किया क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण
ऋषिकेश (हरीश तिवारी):
पर्वतीय क्षेत्र में निरंतर जारी वर्षा के कारण गंगा और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। ऋषिकेश में गंगा चेतावनी रेखा के समीप पहुंच गई है। त्रिवेणी घाट में आरती स्थल में पानी पहुंच गया है। जल पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से समूचे क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। जल पुलिस, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन दल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उधर श्रीनगर डेम से पानी छोड़ा गया है। जिसकी मुनादी गंगा के तटीय क्षेत्र में कर दी गई है।

श्रीनगर डेम अथॉरिटी के अनुसार देर रात से अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों में भारी मात्रा में पानी आने के कारण, श्रीनगर बांध में काफी मात्रा में कचरा और तलछट जमा हो गई है। इसे नियंत्रित करने के लिए, हम आज, 29 जून सुबह 8:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक स्पिलवे गेट के माध्यम से 2500-3000 क्यूमेक्स पानी छोड़ा गया है। तलछट और कचरे को साफ करने के लिए हम जलाशय के स्तर को कम किया जा रहा है। लिहाजा मैदानी क्षेत्र में गंगा के तटीय इलाकों पर सुरक्षा के उपाय किए जाने जरूरी है।
वर्षा के कारण बिगड़े हालात पर नजर रखने के लिए उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, नगर आयुक्त गोविंद राम बिनवाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी संदीप नेगी ने त्रिवेणी घाट, चंद्रेश्वर नगर, यात्रा ट्रांजिट कैंप आदि क्षेत्रों का भ्रमण किया। अधिकारियों के मुताबिक गंगा के तटीय क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा गया है। गंगा का जलस्तर निरंतर बढ़ रहा है, डैम का पानी छोड़े जाने के बाद गंगा के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई है। जल पुलिस की टीम लाउडस्पीकर लेकर सभी लोगों को अलर्ट कर रही है।
त्रिवेणी घाट गंगा जलस्तर 29-06-2025
12:00PM—-338.96मीटर
चेतावनी —– 339.50 मीटर
खतरा ——- 340.50 मीटर


