

– कमिश्नर गढ़वाल विनय शंकर पांडेय ने ऋषिकेश यात्री ट्रांजिट कैंप का किया निरीक्षण
जनवाणी ब्यूरो,ऋषिकेश
चारों धाम के कपाट विधि विधान के साथ खुल चुके हैं। हजारों की संख्या में श्रद्धालु यात्रा के लिए ऋषिकेश पहुंच रहे हैं। कपाट उद्घाटन के अवसर पर यमुनोत्री और केदारनाथ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धामों के दर्शन किए। ऋषिकेश में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। रविवार को चार धाम यात्रा प्रशासन संगठन के अध्यक्ष व कमिश्नर गढ़वाल विनय शंकर पांडे ने यहां पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संकल्प ही नहीं बल्कि स्पष्ट निर्देश है कि यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालुओं को सभी तरह की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। सुरक्षित और सुलभ यात्रा सुविधा उपलब्ध हो, कोई भी श्रद्धालु बिना दर्शन किए वापस न जाए।
आयुक्त ने बताया कि कपाट खुलने के मौके पर केदारनाथ में 18000 की क्षमता से अधिक 30 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। प्रशासन की ओर से इन सभी को दर्शन कराए गए। यही स्थिति यमुनोत्री धाम में भी रही।
उन्होंने कहा कि सभी धामों पर बेहतर व्यवस्था बनाने के हम प्रयास कर रहे हैं। वहां के जिला प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बना हुआ है। आपस में पूरे तालमेल के साथ काम हो रहा है।
आयुक्त विनय शंकर पांडे ने बताया कि ऋषिकेश चार धाम यात्रा का प्रवेश द्वार है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं। ट्रांसिट कैंप में उनके लिए भोजन और आवास की पर्याप्त व्यवस्था है। धामों पर संख्या नियंत्रित करने के लिए ऋषिकेश में दो से चार दिन तक श्रद्धालुओं को रोकने की भी पूरी व्यवस्था है। सभी को पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोपरि रखते हुए लगातार हालात पर नजर रखने के निर्देश दिए। यहां की धर्मशालाओं स्कूल और बैंकट हॉल को यात्रियों के आवास के लिए आरक्षित रखने की भी निर्देश उन्होंने दिए।
अपर आयुक्त गढ़वाल नरेंद्र सिंह क्वीरियाल ने बताया कि
अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए हेल्प डेस्क क्स के माध्यम से पंजीकरण हेतु अलग व्यवस्था कर दी गई है। कल जर्मनी और रूस के और आज अमेरिका के यात्रियों को नियमानुसार पंजीकरण करके भिजवाया गया है। यात्रा पंजीकरण केंद्र पर यात्रा हेतु लगे हुए हेल्थ चेकअप सुविधा का यात्रियों द्वारा निरंतर प्रयोग किया जा रहा है। लाइन में लगे हुए लोगों को यदि लंबा इंतजार करना पड़ रहा है तो बैठने के लिए कुर्सी एवं पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। इस दौरान नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश कुमकुम जोशी, पुलिस अधीक्षक देहात लोकजित सिंह, संयुक्त सचिव पर्यटन वाइएस गंगवार, एआरटीओ प्रशासन अरविंद पांडेय, प्रवर्तन मोहित कोठारी, कोतवाल शंकर सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।